नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के बाजारों को बेवजह स्थानांतरित करने की सरकार की कोई योजना नहीं है। पुरानी दिल्ली के बाजारों के विकास को लेकर खाका (ब्लू प्रिंट)) तैयार किया जा रहा है। सरकार चाहती है कि पुरानी दिल्ली में दुकानें, छोटे गोदाम और कार्यालय यहीं पर रहे। उनके सामान के भंडारण के लिए राजधानी के बाहरी इलाकों में वेयरहाउस व बड़े गोदाम बनाए जाएंगे। बाजारों का पुनर्विकास करने की योजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
दिल्ली सचिवालय में बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने व्यापारिक संगठन भारतीय उद्योग मंडल के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि उनकी सरकार दिल्ली के कारोबारियों के हितों के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। दिल्ली का कारोबार खूब फले-फूले, उससे दिल्ली का राजस्व बढ़ेगा जो दिल्ली के विकास में काम आएगा। व्यापारियों के कारोबार को सुगम बनाने के लिए मजबूत और कुशल संसाधन बनाने में जुटी है, ताकि वे राजधानी में सुविधापूर्वक व्यापार कर पाएं। साथ ही व्यापारियों की समस्याओं को सुलझाने और उनको भयमुक्त व्यापार करने की दिशा में ही सरकार ने ‘दिल्ली व्यापारी कल्याण बोर्ड’ का गठन किया है।
गुप्ता ने कहा कि पहले की सरकारों ने दिल्ली के कारोबारियों का शोषण किया है और दिल्ली के बाजारों का चरित्र बिगाड़ने के लिए लगातार षड़यंत्र किए। हमारी सरकार ने व्यापारियों के लिए बोर्ड बनाया हे, जिसमें व्यापारियों को भी शामिल किया है, ताकि उनकी समस्याओं की सही जानकारी व उनका निदान किया जा सके। 15 सदस्यीय बोर्ड में नौ सदस्य व्यापारी वर्ग से शामिल किए गए हैं। बोर्ड का उद्देश्य व्यापारी समुदाय को सशक्त बनाने, उन्हें सामाजिक सुरक्षा देने तथा उनके व्यापार को अधिक सुविधा-संपन्न बनाने के लिए किया गया है। यह वैधानिक बोर्ड सरकार व व्यापारियों के बीच सेतु का काम करेगा।
