नई दिल्ली। राजधानी में आवारा कुत्तों की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। जनस्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली नगर निगम इस दिशा में आवश्यक कदम उठा रहा है। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बुधवार को बताया कि इस समस्या के प्रभावी समाधान के लिए निगम के प्रत्येक जोन में शेल्टर होम की स्थापना के लिए एक उप-समिति का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह समिति शेल्टर होम के निर्माण से लेकर संचालन तक की पूरी कार्ययोजना तैयार करेगी। इसमें उपयुक्त स्थान चिन्हित करने, संसाधनों का आकलन, बजट निर्धारण, जन-स्वास्थ्य और पशु कल्याण से जुड़े गैर सरकारी संगठन व विशेषज्ञ संस्थाओं से समन्वय आदि बिंदुओं पर काम किया जाएगा। समिति प्रत्येक जोन के लिए उपयुक्त माडल तैयार कर एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट स्थायी समिति को सौंपेगी। समिति न केवल पशुओं के कल्याण को दृष्टिगत रखेगी, बल्कि यह सुनिश्चित करेगी कि आवारा कुत्तों से संबंधित जन-सुरक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के विषयों का भी समाधान हो सके।
गठित समिति में ये सदस्य होंगे
1. सुंदर सिंह, निगम पार्षद – अध्यक्ष
2. नीमा भगत, निगम पार्षद – सदस्य
3. शिखा भारद्वाज, निगम पार्षद – सदस्य
4. राजपाल सिंह, निगम पार्षद – सदस्य
5. पंकज लूथरा, निगम पार्षद – सदस्य
6. प्रवीण कुमार, निगम पार्षद – सदस्य
7. योगेश वर्मा, निगम पार्षद -विशेष आमंत्रित सदस्य
8. अतिरिक्त आयुक्त (पशु चिकित्सा सेवाएं) -सदस्य
9. निदेशक (पशु चिकित्सा सेवाएं)- सदस्य सचिव
